रायपुर, 10 फरवरी 2015
कृषि मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल 12 फरवरी को पूर्वान्ह 11 बजे जांजगीर-चाम्पा जिले के मुख्यालय जांजगीर में किसान सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन जांजगीर में आज से शुरू हुए चार दिवसीय जाज्वल्यदेव महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2015 के अन्तर्गत किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि जिला मुख्यालय जांजगीर में हर साल जाज्वल्यदेव महोत्सव और एग्रीटेक कृषि मेले का आयोजन किया जाता है। इस साल यह कार्यक्रम 10 फरवरी से 13 फरवरी तक हो रहा है। एग्रीटेक कृषि मेले में 11 फरवरी से 13 फरवरी तक ‘खेती-किसानी’ से संबंधित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘खेती-किसानी’ के अन्तर्गत 11 फरवरी को पूर्वान्ह 11 बजे से कृषि एवं पशुपालन पर केन्द्रित कृषि संगोष्ठी होगी। इसमें देश के विख्यात कृषि वैज्ञानिक अपने विचार रखेंगे। इसी तरह 12 फरवरी को पूर्वान्ह 11 बजे से कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। मछली पालन एवं उद्यानिकी पर आधारित किसानों की किसानों संगोष्ठी भी इसी दिन आयोजित की जाएगी। शुक्रवार 13 फरवरी को पूर्वान्ह 11 बजे से उन्नत नस्ल के पशुओं का प्रदर्शन किया जाएगा।