रायगढ़ – लगातार बारिश से समूचा जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। रायगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत उसरौट पूरी तरह टापू में तब्दील हो गया। उसरौट, ढुलवा और केंकारी नाला तथा मांड नदी के बीचों बीच बचा है। लगातार हुई बारिश से चारों ओर सिर्फ पानी ही पानी है। माण्ड नदी में लगातार बढ़ते जल स्तर से उसरौट सहित आसपास के गांवों में खतरा मंडरा रहा है। उसरौट पहुंच मार्ग पर बने पुल के ऊपर से 4 फीट पानी चल रहा है। उसरौट, जामपाली, डूमरपाली मार्ग भी बाधित है। गांव से बाहर निकलने के सभी रास्ते बंद हो चुके हैं। गांव पूरी तरह से टापू में तब्दील हो चुका है।
बोदाझरिया के किसान परेशान खेत में भरा पानी
लगातार बारिश से बोदाझरिया के किसानों के खेतों में पानी लबालब भर गया है। यह पानी डीबी पॉवर द्वारा रेल लाइन बिछाने के लिए बनाए जाने वाले पुल के चारों तरफ भारी मात्रा में मिट्टी डंप कर दिए जाने से निकासी नहीं हो पा रहा है। जिसकी वजह से 20 एकड़ से अधिक खेत में चारों ओर पानी ही पानी भर गया है। खेतों में पानी भर जाने से किसानों को फसल बरबादी की चिंता सताने लगी है। मिली जानकारी के अनुसार डीबी पॉवर द्वारा रेल लाइन के लिए पुल निर्माण कराया जा रहा है। बाद में जिला प्रशासन को जानकारी मिलने पर कलेक्टर के निर्देश पर मिट्टी डालने का काम किया जा रहा है। ग्रामीण किसानों ने डीबी पॉवर से मुआवजे की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार खेत पूरी तरह से तालाब में तब्दील हो गया है, जिससे उनके फसल पूरी तरह से बरबाद हो चुकी हैं।
दर्जन भर गांव प्रभावित
लगातार बारिश की वजह से उसरौट, बालमगोड़ा, जामपाली, डुमरपााली सहित उसके आसपास के दर्जन भर गांव प्रभावित हुए हैं। माना जा रहा है कि यदि आज बारिश नहीं थमती है, तो देर रात इन ग्रामीण अंचलों की स्थिति बिगड़ सकती है। मिली जानकारी के अनुसार जिला पंचायत सदस्य उषा नमोनारायण पटेल लगातार क्षेत्र का दौरा कर वस्तुस्थिति का जायजा जिला प्रशासन को दे रहे हैं। गांव के पहुंच मार्ग पर बने छोटे-छोटे पुल पुलिया सभी के ऊपर से पानी गुजर रहा है। जिससे आवागमन पूरी तरह से बाधित है।