रायगढ। 31 वां चक्रधर समारोह के अवसर पर आज मोतीमहल परिसर में आयोजित अखिल भारतीय कुश्ती प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर विधायक श्री रोशन लाल अग्रवाल ने कहा कि महाराजा चक्रधर सिंह का कुश्ती और कबड्डी लोकप्रिय खेल रहा है। गीत, संगीत के साथ ही कुश्ती प्रतियोगिता को भी संरक्षण प्रदान करते हुए उसे आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। ताकि प्रदेश स्तर से लेकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक कुश्ती प्रतियोगिता का नाम हो। आज यही कारण है कि चक्रधर समारोह के अवसर पर लगातार 31 वर्षो तक कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है ताकि जिले के युवाओं को आगे बढऩे का अवसर मिलें। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री अजेश पुरूषोत्तम अग्रवाल ने कहा कि कुश्ती प्रतियोगिता हमारी प्राचीन खेलों में गिनी जाती है। उन्होंने युवाओं को कुश्ती प्रतियोगिता के प्रति रूझान बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया और अपनी ओर से सभी खिलाडिय़ों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
अखिल भारतीय कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष श्री रामाश्रय यादव ने कहा है कि कुश्ती हमारे देश का सबसे प्राचीन और लोकप्रिय खेल है। इसका उल्लेख हमारे पुराणों और गं्रथों में भी है। महाभारत काल में कुश्ती सर्वाधिक लोकप्रिय रही है। कुश्ती को प्राचीन काल से ही राजा-महाराजाओं का संरक्षण मिलता रहा है। कुश्ती प्रतियोगिता को लोकप्रिय बनाने के लिए शासन के संरक्षण की जरूरत है। इस दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 100 पहलवान रायगढ़ आए हुए है। कुश्ती प्रतियोगिता क्रमश: 60 किलो, 67 किलो, 75 किलो एवं 75 किलो से अधिक वर्ग में होगी। 75 किलो से अधिक वजन के पहलवानों के विजेता को भारत भीम का खिताब दिया जाएगा। इस प्रतियोगिता के अंतर्गत छत्तीसगढ़ केशरी के लिए भी पहलवान दाव आजमायेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय कुश्ती संघ के महासचिव रोशन लाल सचदेव, पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीलेश क्षीरसागर, दिनेश जायसवाल, आदिवासी विकास के श्री सी.एल.जायसवाल, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।