रायगढ़ – महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में आखिरकार पुलिस ने पति के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। दहेज के लिए विवाहिता को आरोपी प्रताड़ित करने के साथ चरित्र शंका करता था। जिससे क्षुब्ध होकर महिला ने जहर सेवन कर लिया था। कोतरारोड़ पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है।
सोमवार सुबह हिल व्यू कॉलोनी में असिस्टेंट मैनेजर अजय शर्मा की पत्नी अलका शर्मा की मौत हुई थी। मामले में मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने महिला के पति पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया था। जिसके बाद पुलिस की छानबीन से स्पष्ट हुआ कि आरोपी पति अजय शर्मा विवाह के कुछ दिन बाद से ही दहेज में कार लाने विवाहिता को परेशान करता था। ऐसे में रविवार रात खाना खाने के बाद अजय शर्मा पुनः दहेज वाली बात अपनी पत्नी से दोहराई व विवाद करते हुए हाथापाई भी की। साथ ही आरोपी महिला के चरित्र को लेकर तरह-तरह की बात करता था। ऐसे में अलका शर्मा ने रविवार रात आत्महत्या का मन बनाया और जहर सेवन कर अपने आपको कमरे में बंद कर लिया। सोमवार सुबह होने तक उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद महिला के भाई ने अजय शर्मा पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया था। बहरहाल छानबीन के बाद आखिरकार सच्चाई सामने आई और आरोपी पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने धारा 498 ए और 306 पंजीबद्घ कर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।