रायगढ़ : शासकीय नटवर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायगढ़ में जिला स्तरीय विज्ञान मेला एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेला में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए प्रादर्श, नाटक, क्विज शिक्षक संगोष्ठी आदि कार्यक्रमों में भाग लिया। जिला विज्ञान समन्वयक आर.एस. प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में 8 विकास खण्ड के 150 विद्यार्थी शामिल हुए। इस बार पहली बार विभिन्न विकास खण्ड के नौ विद्यालयों द्वारा विज्ञान नाटिका का प्रदर्शन किया गया। जिसमें मोना मार्डन बरमकेला का नाटक प्रथम एवं शा.उ.मा.विद्यालय कोतरा का नाटक द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विज्ञान क्विज में म्यूनिस्पल हायर सेकेण्डरी के बालक प्रथम एवं कार्मेल कन्या हिन्दी माध्यम के बालिका द्वितीय स्थान प्राप्त किए थे। शिक्षक संगोष्ठी में भी शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के अंत में समस्त छात्रों को प्रमाण-पत्र दिया गया एवं प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्रों को ट्रॉफी पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया गया। इन समस्त छात्रों को 23 सितम्बर को जोन स्तरीय कार्यक्रम में शासकीय नटवर उ.मा.विद्यालय में सम्मिलित होना है। जहां उनका सामना जशपुर जिला के छात्रो से होगा। जोन में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्र 6 अक्टूबर से संपन्न होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। नाटिका का मूल्यांकन शा.उ.मा.विद्यालय के प्राचार्य श्रीमती सरला साह शा.नटवर के गणित के व्याख्याता आर.के.मित्रा, अंग्रेजी की व्याख्याता सुरंजना रावत द्वारा किया गया। वहीं मॉडलों का मूल्यांकन रसायन के व्याख्याता राकेश दुबे, भौतिकी के व्याख्याता प्रकाश सिंह एवं गणित के व्याख्याता चित्रभान पटेल द्वारा किया गया। क्विज मास्टर की भूमिका जिला विज्ञान समन्वयक श्री आर.एस.प्रसाद ने किया। कार्यक्रम का सफल संचालन शा.नटवर उच्चतर माध्यमिक के प्राचार्य आर.साय.एवं उनके समस्त शालेय परिवार की उल्लेखनीय भूमिका रही।