रायगढ़ : जिला प्रशासन द्वारा आज सृजन सभाकक्ष में शोक-सभा का आयोजन कर पूर्व राष्ट्रपति डॉ.ए.पी.जे.अब्दुल कलाम के आकस्मिक निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कलेक्टर श्रीमती अलरमेल मंगई डी की विशेष मौजूदगी में आयोजित शोक सभा में जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर भारत रत्न पूर्व राष्ट्रपति डॉ. कलाम को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। कलेक्टर श्रीमती मंगई डी ने कहा कि डॉ. कलाम वैज्ञानिक व प्रखर चिंतक थे। उन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में विशेषकर सामरिक क्षेत्र में देश की प्रतिष्ठा को दुनिया में स्थापित किया। देश और दुनिया के लोग उन्हें मिसाईलमैन के रूप में जानते है। भारत रत्न डॉ. कलाम का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है।
कलेक्टर श्रीमती मंगई डी ने कहा कि भूतपूर्व राष्ट्रपति डॉ.कलाम के दुखद निधन पर भारत सरकार द्वारा 7 दिवस का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। शोक की अवधि में शासकीय भवनों और जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराये जाते है वहां राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे। शासकीय स्तर पर कोई मनोरंजन का कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा।