आज जिले के 22 स्थानों पर 11 हजार पौधे लगाए गए
रायगढ़, 3 अगस्त 2015/ प्रदेश भर में हरियर छत्तीसगढ़ अभियान के तहत आज जिले में वन महोत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इसी तारतम्य में आज पर्यावरण पार्क रोज गार्डन में संसदीय सचिव श्रीमती सुनीति सत्यानंद राठिया ने कदम का वृक्ष लगाकर वृहद वन महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्रीमती राठिया ने समाज के सभी वर्गो, पर्यावरण प्रेमियों, सामाजिक संस्थाओं, पत्रकार बंधुओं एवं आम जनों से आव्हान किया कि वे अपने घरों एवं आसपास के जगहों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने पूरे प्रदेश में प्रति व्यक्तियों को एक पौधा लगाने का लक्ष्य दिया है। इसी मंशानुरूप पूरे प्रदेश को हरा-भरा रखने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्य पूरी तन्मयता से किया जा रहा है। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर संसदीय सचिव श्रीमती राठिया ने स्व.डॉ.ए.पी.जे.अब्दुल कलाम के छायाचित्र पर माल्यार्पण भी किया। वृहद वन महोत्सव के अवसर पर महापौर मधुबाई, कलेक्टर श्रीमती अलरमेल मंगई डी, पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा भी पौध रोपण किया गया।
श्रीमती राठिया ने वन महोत्सव के अवसर पर कहा कि हम सब वृक्षों के महत्व एवं उसकी उपयोगिता को भलीभांति जानते है जैसे नदियां अपना जल नहीं पीती फलदार वृक्ष अपना फल नहीं खाता फिर भी उसकी मिठास व शीतल छाया से लोग तृप्त होते है। इसी उद्देश्य को अपनाकर उन्होंने उपस्थित लोगों को संकल्प दिलाया कि पौधा लगाकर पूरी निष्ठा से वृक्षों का संरक्षण एवं संवर्धन करेंगे।
कलेक्टर श्रीमती मंगई डी ने वन महोत्सव के अवसर पर लोगों से कहा कि अपने घरों में पौधे लगाने के साथ ही उसके संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ करें। साथ ही लोगों को अपने घरों के आसपास चिन्हांकित जगहों, स्कूलों, कालेजों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों, कार्यालयों में मुनगा, आंवला, अमरूद, जामुन, पपीता, हर्रा एवं विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाने की अपील की।
वन महोत्सव के अवसर पर वनमंडलाधिकारी श्री आर.के.पाण्डेय द्वारा बताया गया कि डॉ. रमन सिंह की मंशानुरूप पूरे प्रदेश में 2 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है इसी उद्देश्य के साथ जिले के दो वनमंडल रायगढ़ एवं धरमजयगढ़ द्वारा अभी तक 10 लाख पौधों का रोपण किया जा चुका है साथ ही 66 स्थानों 21 लाख 50 हजार पौधों का अंगीकरण किया जा रहा है। वन महोत्सव के अवसर पर आज जिले के 22 स्थानों पर 11 हजार पौधों का रोपण किया गया। इसके साथ ही इन पौधों के अंगीकरण का कार्य स्थानीय नागरिकों, गणमान्य व्यक्तियों, वन प्रबंधन समितियों, सदस्यों द्वारा किया जा रहा है।
वृक्षारोपण महाभियान को सफल बनाने में समाज के सभी वर्गो, सामाजिक संस्थाओं, पत्रकार बंधुओं, प्रजापति ब्रम्हाकुमारी की भाईयों एवं बहनों, स्कूल, कालेज के छात्र-छात्राओं, अधिकारी-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त वनमंडलाधिकारी श्रीमती प्रेमलता यादव द्वारा किया गया तथा मंच का सफल संचालन प्राचार्य राजेश डेनियल द्वारा किया गया।