खरसिया रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से उतरने के दौरान एक महिला गिर कर घायल हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मामला शनिवार की सुबह की है। जब भगोरा निवासी सुकबारो बाई राठिया, खरसिया के बसनाझार निवासी अमृत राठिया के घर दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। रायगढ़ से सुपरफास्ट टे्रन में सवार हुई महिला को जब मालूम हुआ कि ट्रेन का खरसिया में ठहराव नहीं है तो वो परेशान होने लगी। ऐसे में, खरसिया रेलवे स्टेशन से ट्रेन के गुजरने के दौरान महिला ने उतरने को लेकर छलांग लगा दी। इससे महिला यात्री बुरी तरह से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए खरसिया अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां महिला के हाथ टूटने की बात सामने आई। महिला यात्री की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।