भर दो झोली मेरी या मोहम्मद…… पर झूम उठे लोग
रायगढ़। रायगढ़ में चल रहे चक्रधर समारोह की चौथी रात कला रसिकों के लिए यादगार बन गई। देश के ख्याति प्राप्त कव्वाल निजामी बंधु ने जैसे ही कव्वाली की दुनिया में सर्वाधिक लोकप्रिय नातिया कलाम भर दो झोली मेरी या मोहम्मद…. शुरू किया पूरी महफिल झूम उठी। निजामी बंधु द्वारा प्रस्तुत मनकबत मन कुन्तो मौला…. को भी लोगों ने खूब पसंद किया और तालियां बजाकर उनकी प्रस्तुति को सराहा। चक्रधर समारोह की चौथी सांस्कृतिक संध्या कव्वाली के साथ-साथ शिव स्तुति, हनुमान चालीसा नृत्य नाटिका, ओडिसी नृत्य, गायन और वादन से भी सुवासित हुई। ओडिसी नृत्य की उभरती नृत्यांगना अंकिता राउत और लकी मोहंती के लयकारी नृत्य को भी लोगों ने खूब सराहा।
कव्वाल निजामी बंधु ने अपनी प्रस्तुति के दौरान एक से बढ़कर एक कलाम पेश किया और देर रात तक श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने अपने गायन की शुरूआत मन कुन्तो मौला…. से की और पूरी महफिल को आनंद और उल्लास से भर दिया। इसके पश्चात निजामी बंधु द्वारा बेमिश्ल अंदाज में पेश किए गए क्लासिकल कलाम को भी लोगों ने खूब सराहा। हजरत अमीर खुसरो का बेहद मकबूल कलाम- छाप तिलक सब छिनी रे मोसे नैना मिलाई के…. को उन्होंने बड़ी ही नजाकत के साथ प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। इस दौरान निजामी बंधु ने कबीर के दोहे और ऊर्दू शायरी का बेजोड़ मिश्रण प्रस्तुत कर कला रसिकों से अपनी कव्वाली की अदाकारी का लोहा मनवाया। श्रोताओं की विशेष मांग पर उन्होंने लोकप्रिय कव्वाली कुन फय कुन …. को बिल्कुल उसी अंदाज में पेश किया जैसा कि उन्होंने इसे हिन्दी फिल्म रॉकस्टार में गाया है।
सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ पियानो वादन से हुआ। इसके पश्चात रायगढ़ की महिला मंडल द्वारा दुर्गा स्तुति की सराहनीय प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम की तीसरी कड़ी में के भानुश्वरी ने अपने वायलिन वादन से कला रसिको को बेहद प्रभावी किया। स्थानीय प्रेरणा महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत शिव स्तुति एवं हनुमान चालीसा नृत्य नाटिका को भी लोगों ने खूब सराहा। अगली कड़ी में ओडिसी नृत्यांगना अंकिता राउत और लकी मोहंती ने अपने लयकारी नृत्य से पूरी महफिल में समा बांध दिया। अंकिता और लकी की भावभंगिमा और मनमोहक प्रस्तुति से कला प्रेमी आनंदित हो उठे। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभांरभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अजेश पुरूषोत्तम अग्रवाल, कलेक्टर श्रीमती अलरमेलमंगई डी, पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव कुमार शुक्ला, अपर कलेक्टर श्री श्याम धावड़े सहित सर्वश्री राकेश जिंदल, रविशंकर एवं श्री भागर्व ने महाराजा चक्रधर सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ ही दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।