रायगढ़, 14 अगस्त 2015/ 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के परिप्रेक्ष्य में गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी रायगढ़ शहर में आज 14 अगस्त को सुबह स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं स्कूली बच्चों ने स्व-स्फूर्त रूप से उत्साह पूर्वक भाग लिया। यह दौड़ जिला प्रशासन एवं खेल युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित की गई थी। स्थानीय विधायक श्री रोशन लाल अग्रवाल, कलेक्टर श्रीमती अलरमेल मंगई डी, पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव कुमार शुक्ला की विशेष मौजूदगी में स्वतंत्रता दौड़ सुबह 7 बजे गांधी चौक से शुरू हुई। जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारियों एवं खिलाडिय़ों, स्वयंसेवी-समाज सेवी संस्थानों के प्रतिनिधि, शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, पुलिस बल के जवान व बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए। स्वतंत्रता दौड़ सुभाष चौक, गौरी शंकर मंदिर, गोपी टाकीज, शहीद चौक होते हुए कमला नेहरू उद्यान पहुंची। इस दौरान स्वतंत्रता दौड़ में शामिल लोग व स्कूली बच्चे देश भक्ति से परिपूर्ण नारे लगा रहे थे। कमला नेहरू पार्क पहुंचने के बाद स्वतंत्रता दौड़ सभा के रूप में तब्दील हो गई।
इस अवसर पर विधायक श्री रोशन लाल अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अनेक बलिदानों के बाद देश को आजादी मिली। इस आजादी को अक्षुण्य बनाए रखना प्रत्येक देशवासी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि नौनिहाल पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता आंदोलन और महापुरूषों के बारे में ऐसे आयोजनों से जानकारी मिलती है। उन्होंने इस मौके पर सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दी।
कलेक्टर श्रीमती अलरमेल मंगई डी ने इस मौके पर उपस्थित लोगों से देश के विकास में सहभागी बनने की अपील की। इस मौके पर उन्होंने दक्षिण कोरिया के अपने हाल ही के अध्ययन प्रवास का अनुभव बताते हुए कहा कि दक्षिण कोरिया को आजादी भारत के बाद मिली है, लेकिन छोटा सा यह देश संसाधनों के मामले में भारत से काफी पीछे होने के बाद भी विकास के मामले में आगे है। उन्होंने कहा कि इसका कारण वहां के लोगों में अपने देश के प्रति प्रेम व उसे विकास के रास्ते पर आगे ले जाने की निष्ठा है। उन्होंने कहा कि हम सब लोगों को भी अपने देश भारत की एकता और उसे विकास के मामले में आगे बढ़ाने की भावना होना जरूरी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव कुमार शुक्ला ने भी इस मौके पर देश भक्ति से परिपूर्ण अपने विचार व्यक्त किए और लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक राधेश्याम श्रीवास्तव ने देश की एकता और अखण्डता पर आधारित कविता के माध्यम से अपने भावों की अभिव्यक्ति दी। उन्होंने कहा कि हम सबको धर्म, जाति, भाषा, क्षेत्रवाद की भावना से परे होकर सच्चा भारतीय बनने की जरूरत है। वरिष्ठ नागरिक दीनदयाल रतेरिया ने भी लोगों से देश की एकता और अखण्डता को बनाए रखने का आव्हान किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीलेश क्षीरसागर, अपर कलेक्टर श्री श्याम धावड़े, सहायक कलेक्टर श्री ऋतुराज रघुवंशी, सीएमएचओ डॉ.उरांव, सहायक आयुक्त आबकारी श्री अरविंद पाटले, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री सी.एल.जायसवाल, उप संचालक कृषि श्री भगत, खेल अधिकारी श्री प्रमोद बैस, रोजगार अधिकारी श्री प्रमोद जैन सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, सर्वश्री रामचंद्र शर्मा, प्रमोद अग्रवाल, अनिल गर्ग, उमेश अग्रवाल, दीपक डोरा, विनोष षड़ंगी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।