रायगढ़। पिछले दिनों संभागायुक्त की बैठक में नगर निगम के सफाई दरोगा राजू पाण्डेय को एक महिला पार्षद का मोबाईल से फोटो लेना महंगा पड़ा। मंगलवार को इस मामले को लेकर पार्षदों के द्वारा पूरे दिन धरना प्रदर्शन करने के बाद उक्त सफाई दरोगा पर कार्रवाई तय माना जा रहा है। मंगलवार शाम को निगम प्रशासन द्वारा उसे निलंबित किए जाने को लेकर भी चर्चा जोरों पर रही।
गौरतलब है कि 11 सितम्बर को संभागायुक्त सोनमणी बोरा ने नगर निगम सभागार में स्वच्छता मिशन के संदर्भ में बैठक में ली थी। इस बैठक में निगम के सफाई दरोगा राजू पाण्डेय के द्वारा संभागायुक्त की बातों को सुनने के बजाय एक महिला पार्षद की फोटो ली जा रही थी। इसके द्वारा मोबाईल से फोटो अपलोड कर दूसरों को भेज दिया गया। अनुसूचित जाति की महिला पार्षद का गलत नीयत से मोबाईल से फोटो खींचे जाने की मामले ने तूल पकड़ लिया। यह मामला अखबारों में आने के बाद नगर निगम के पार्षद उक्त सफाई दरोगा के खिलाफ मेंं आ गए। महिला पार्षदों ने इसे अशोभनीय कृत्य बताया। इसे महिला पार्षद का अपमान मानते हुए सफाई दरोगा को हटाए जाने की मांग करने लगे। सोमवार को सामूहिक रूप से पार्षदों की ओर से बैठक लेकर धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत मंगलवार को सुबह 11 बजे नगर निगम परिसर में पार्षदगण धरने पर बैठ गए। पूरे दिन यहां चलने वाले धरने में अशोभनीय कृत्य को अंजाम देने वाले सफाई दरोगा को तत्काल हटाए जाने की मांग की गई। धरने में उस निगम कर्मचारी के खिलाफ नारेबाजी व विरोध को देखते हुए अंतत: शाम को उनके खिलाफ कार्रवाई की खबर मिली। इस मामले में निगम आयुक्त के द्वारा उसे निलंबित किए जाने की बात कही गई लेकिन आयुक्त का कहना था कि अभी उसके निलंबन जैसी कोई बात नहीं है। इतना जरूर है कि मामला गंभीर है और इसमें कार्रवाई हो सकती है। इसके पहले नगर निगम आयुक्त प्रमोद शुक्ला ने सुबह बताया था कि सफाई दरोगा पाण्डेय को इस मामले में नोटिस जारी की गई है। धरना कार्यक्रम में मुख्य रूप से कांग्रेस पार्षद के नेता शाखा यादव, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष स्नेहलता शर्मा, जानकी काटजू, कविता मिश्रा, ममता आदित्य, सरस्वती भगत, अर्चना ठेठवार, विजय लक्ष्मी, सुमित्रा सारथी, चन्द्रप्रकाश पाण्डेय, तारा ठेठवार, कमल पटेल समेत बड़ी संख्या में पार्षदगण शामिल थे।
महापौर का समर्थन
सफाई दरोगा राजू पाण्डेय के खिलाफ धरने पर बैठे पार्षदों का महापौर मधुबाई ने समर्थन किया है। मंगलवार को धरना स्थल पर पहुंचकर महापौर ने इस मामले में पार्षदों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि बैठक में महिला पार्षद का फोटो मोबाईल से लेकर दूसरों को भेजा जाना गलत है। इस मामले में सफाई दरोगा के खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
मनमानी को लेकर सुर्खियों में
नगर निगम के सफाई दरोगा राजू पाण्डेय अपनी मनमानी पूर्ण कार्यशैली को लेकर सुर्खियों में रहे। काफी समय से इनके मनमानी को लेकर शिकायतें मिल रही थी। निगम आयुक्त के नजदीकी होने के कारण अब तक इन शिकायतों को नजर अंदाज कर दिया जाता रहा। इस बार चूंकि अनुसूचित जाति महिला पार्षद का मोबाईल से फोटो लेकर शर्मनाक कृत्य का मामला सामने आया है ऐसी स्थिति में उसे खिलाफ निलबंन की कार्रवाई तय माना जा रहा है। मजबूरी ही सही लेकिन पाण्डेय के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई से निगम के अन्य सफाई दरोगा भी सख्ते में आ गए हैं। इसके बाद इनकी मनमानी पूर्ण कार्यशैली पर अंकुश लगने की उम्मीद रहेगी।